कायमगंज । कोतवाली क्षेत्र से सटे ग्राम घसिया चिलौली में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और किराएदार मुन्नालाल कोरी का गृहस्थी का अधिकांश सामान समेत 32,000 रूपये नकद जलकर राख हो गया। घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मुन्नालाल कोरी पुत्र रामस्वरूप, हेतराम के मकान में कई वर्षों से किराए पर रह रहे हैं। सुबह जब वह खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनके घर में लगा पुराना गैस सिलेंडर खत्म हो गया। इसके बाद उन्होंने नया सिलेंडर लगाया। जैसे ही चूल्हा जलाया, सिलेंडर के पाइप से अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरे कमरे में धुआं और लपटें फैल गईं।
आग की लपटों ने रसोई और आसपास रखे घरेलू सामान को चपेट में ले लिया। मुन्नालाल के घर में रखी 32,000 रूपये की नकदी भी जलकर राख हो गई। बताया गया कि यह राशि मुन्नालाल के पुत्र राहुल की थी, जो नेपाल में मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले ही वह अपनी मेहनत की कमाई लेकर घर आया था, लेकिन यह रकम आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
आग लगते ही पड़ोसी तत्काल मदद के लिए दौड़े। लोगों ने समर्सिबल पंप से पानी चलाकर और बालू डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था। ग्रामीणों ने किसी तरह आग को फैलने से रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना ग्राम लेखपाल तामेश्वर राणा को दी गई। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का प्राथमिक आकलन किया। उन्होंने बताया कि क्षति का विवरण तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि पीड़ित को सहायता दिलाई जा सके।
अचानक आग के इस हादसे ने मुन्नालाल के पूरे परिवार को गहरा नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक मदद की मांग की है।





