37.1 C
Lucknow
Saturday, March 14, 2026

कड़ी सुरक्षा के बीच उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा : केन्द्रो पर डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

Must read

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा शनिवार को जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और सभी केंद्रों पर सघन सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।
कमालगंज क्षेत्र में परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए थे, जिनमें श्री फिरोज गांधी जनता इंटर कॉलेज और आरपी पीजी कॉलेज शामिल रहे। दोनों केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई और मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने दोनों परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रवेश व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित कराया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगे और केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश दिया जाए। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा कर्मियों द्वारा पूरे समय निगरानी रखी गई।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी गई थी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की नजर बनी रही। प्रशासन की कड़ी निगरानी में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article