फतेहपुर पुलिस ने मलवां थाना क्षेत्र में हुई दुकान चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 6,700 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम (करीब 21 वर्ष) और शिवम (करीब 18 वर्ष) पुत्र शैलानी के रूप में हुई है, जो ग्राम सहिली के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ग्राम सहिली के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
यह मामला 2 मार्च 2026 को सामने आया था, जब सूरज सोनी ने थाना मलवां में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी ज्वेलरी और साड़ी की दुकान का ताला तोड़कर करीब 30,000 रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में मु0अ0सं0- 44/2026 के तहत धारा 305A/331(4) बीएनएस में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस मामले के खुलासे में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक सूरज सिंह, उपनिरीक्षक गुलामुद्दीन, हेड कांस्टेबल राजकुमार शर्मा, कांस्टेबल मंजीत सोनकर और कांस्टेबल कुलदीप कुशवाहा शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।


