शेयर बाजार में दिवाली के बाद जोरदार उछाल, सेंसेक्स 85,000 के पार

0
47

नई दिल्ली| गुरुवार को दिवाली के बाद शेयर बाजार हरे निशान में खुला। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 734.36 अंकों की तेजी के साथ 85,160.70 अंक पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 198.30 अंकों की बढ़त के साथ 26,066.90 अंक पर कारोबार कर रहा है। यह सेंसेक्स के लिए 27 सितंबर 2024 के सर्वकालिक उच्चतम स्तर 85,478.25 के करीब है। निफ्टी 50 सूचकांक सितंबर 2024 के बाद पहली बार 26,000 के स्तर को पार करने में सफल हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस, एचसीएलटेक, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, टीसीएस और हिंदुस्तान यूनिलीवर सबसे अधिक लाभ में रही, जबकि इटरनल, बजाज फिनसर्व, एसबीआई और मारुति सुजुकी सबसे अधिक नुकसान में रही। जियोजिट इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटजिस्ट वी. के. विजयकुमार ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते की खबरें और विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार में तेजी बनी हुई है।

अमेरिकी बाजार में पिछला ट्रेडिंग सेशन गिरावट में रहा। डाउ जोंस 0.71 प्रतिशत या 334.33 अंक की गिरावट के साथ 46,590.41 पर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में भी अधिकांश इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। चीन का शंघाई इंडेक्स 0.66 प्रतिशत, जापान का निक्केई 1.35 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.24 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.42 प्रतिशत की गिरावट में था।

एशियाई बाजारों में गिरावट के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से रूसी तेल कंपनियों पर प्रतिबंध की घोषणा का असर रहा। ब्रेंट क्रूड की कीमत बढ़कर 60.81 डॉलर प्रति बैरल और अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 64.97 डॉलर प्रति बैरल हो गई। सोने की कीमत भी 4,104.50 डॉलर पर पहुंच गई।

दिवाली के कारण बुधवार को बाजार बंद रहा था। मंगलवार को सेंसेक्स 62.97 अंक या 0.07 प्रतिशत बढ़कर 84,426.34 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 25.45 अंक या 0.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,868.60 पर बंद हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here