शामली: शामली (Shamli) जिले के कांधला थाना क्षेत्र के गढ़ी दौलत गांव में घरेलू विवाद के चलते एक आरोपी पिता (Father)ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी फारूक ने पूछताछ के दौरान कबूल किया कि उसने 10 दिसंबर को अपनी 32 वर्षीय पत्नी ताहिरा और बेटियों अफरीन (12) और सरीन (5) की हत्या कर दी थी। उसने उनके शवों को अपने घर के अंदर लगभग नौ फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया था।
मृतका व मृतक बेटियां छह दिनों से लापता थीं। मंगलवार शाम को फारूक के पिता दाऊद द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद संदेह पैदा हुआ। फारूक को हिरासत में लिया गया और उसने कबूल करने से पहले जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की। पूछताछ में आरोपी ने कबूला की पत्नी बिना बुर्का पहने मायके चली गई थी। आरोपी ने इस बात को अपनी इज्जत का सवाल बना लिया और सात दिन पहले रात में इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, फारूक ने पत्नी के बुर्का न पहनने पर नाराज होकर उसने 10 दिसंबर की रात करीब 12 बजे रसोई में ताहिरा को गोली मार दी और बड़ी बेटी को भी गोली मार कर हत्या कर दी, जबकि छोटी बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार देर रात घर की खुदाई की और शव बरामद किए, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आगे की जांच जारी है।


