शाहजहाँपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में थाना रोजा पुलिस और एसओजी (SOG)/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 1.517 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है।
बस खराब हुई और पुलिस के हत्थे चढ़ गया तस्कर
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान लिपी सोय (23 वर्ष) पुत्र लेबड़ा सोया, निवासी ग्राम मुचिया, जिला खूंटी, झारखंड के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान तस्कर ने कुबूल किया कि वह झारखंड से अफीम लाकर बरेली जनपद के आंवला क्षेत्र में किसी व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। रास्ते में शाहजहाँपुर हाईवे पर उसकी बस खराब हो गई, जिसके बाद वह दूसरी बस का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे अटसलिया पुल के पास से दबोच लिया।


