– शाहजहांपुर विकास की राह पर तेजी से अग्रसर, निर्धारित समय में सूचना उपलब्ध कराने पर दिया जोर
शाहजहांपुर: राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि शाहजहांपुर जनपद विकास की राह पर निरंतर प्रगति कर रहा है। ऐसे में जन सूचना अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए और सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में जवाब देना सुनिश्चित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानपूर्वक याद किया जाता है। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा उनके नाम पर जनपद को मेडिकल कॉलेज का उपहार दिया गया है, जिसका इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाएं विश्वस्तरीय हैं।
डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि यहां एक जिला एक उत्पाद और एक जिला एक मेडिकल कॉलेज जैसी योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं। जनपद में सीमेंट कंपनी सहित कई औद्योगिक इकाइयां भी स्थापित हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शाहजहांपुर की प्रसिद्ध जरी-जरदोजी हस्तशिल्प कला, जो कभी समाप्त होने की कगार पर थी, अब दोबारा अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त कर रही है। इसके साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे बनने से इस जनपद को व्यापक आर्थिक और औद्योगिक लाभ मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक गलियारे का निर्माण भी तेजी से प्रगति पर है।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर सत्येंद्र कटियार ने प्रशासन की ओर से राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने विचार व्यक्त किए।


