पुवायाँ (शाहजहाँपुर): जनपद में अपराध नियंत्रण व वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पुवायाँ पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
घटनाक्रम के अनुसार, बीती 7 मार्च 2026 को थाना पुवायाँ में एक वादी द्वारा तहरीर दी गई थी। आरोप था कि उसकी पुत्री को उसके पति राजीव कुमार और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों (जेठ, देवर, सास, ससुर व ननद) द्वारा ₹5,00,000 अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने एक राय होकर पीड़िता की फांसी लगाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 144/2026 धारा 85/80(2)/3(5) BNS एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
प्रभारी निरीक्षक पुवायाँ के नेतृत्व में गठित टीम विवेचना के दौरान लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। सोमवार, 23 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि मुकदमे का मुख्य आरोपी राजीव कुमार पुत्र श्यामबाबू, ग्राम बड़ागांव के मुख्य चौराहे पर मौजूद है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उप-निरीक्षक रामवीर सिंह और हेड कांस्टेबल हरपाल सिंह ने घेराबंदी कर सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी को धर दबोचा।


