कंपिल (फर्रुखाबाद)। प्राचीन तीर्थ नगरी कंपिल से शुक्रवार को 17 श्रद्धालु पीला पीताम्बर धारण कर भगवान रामेश्वर नाथ की पावन यात्रा के लिए रवाना हुए। समाजसेवी किशनू चतुर्वेदी द्वारा सभी तीर्थयात्रियों को पीला पीताम्बर भेंट कर विधिवत यात्रा के लिए विदा किया गया।
इस अवसर पर नगर के समाजसेवी किशनू चतुर्वेदी और लालन मिश्रा ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। तीर्थयात्रियों के कायमगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
तीर्थयात्रियों में शामिल कुलदीप सैनी, सुभाष सुनार और राजेश शर्मा ने बताया कि वे मथुरा रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा तिरुवनंतपुरम के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां से दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ रामेश्वरम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ रामेश्वर नाथ के दर्शन करेंगे। इसके अलावा वे पौराणिक स्थल धनुषकोडी के भी दर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीराम ने लंका जाने से पहले समुद्र पर सेतु निर्माण से पूर्व रामेश्वरम में भगवान शिव के शिवलिंग की स्थापना कर पूजा-अर्चना की थी। उसी पवित्र स्थल के दर्शन करने के लिए यह यात्रा की जा रही है।
यात्रा के दौरान अमन सैनी, वंशी पांडेय, आशीष बघेल, राजा सैनी सहित कई लोगों ने तीर्थयात्रियों का स्वागत किया और उन्हें वस्त्र भेंट कर आशीर्वाद दिया। रामेश्वर नाथ तीर्थयात्रा पर रवाना होने वालों में कुलदीप सैनी, सुभाष सुनार, दिलीप कुमार राजपूत, धर्मेन्द्र कुमार, धर्मवीर राजपूत, सुखराम, शिवम चौहान, अवधेश कुमार, ओमशक्ति सैनी, राजेश शर्मा उर्फ टीटू शर्मा, शिवम गुप्ता, रजत गुप्ता, सुरजीत शाक्य, गिरीश शाक्य, राजू राजपूत और मगली सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।
तीर्थयात्रियों के रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।


