बरेलीl जिले में धार्मिक और पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। सरकार की मंशा है कि जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिले और अधिक से अधिक श्रद्धालु व पर्यटक यहां पहुंचें। इसी क्रम में बरेली के सात नाथ मंदिरों सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास की योजना को मंजूरी मिल चुकी है।
पर्यटन विभाग की ओर से अक्तूबर 2025 में अहिच्छत्र, सिरोही शिव मंदिर, बड़ा बाग हनुमान मंदिर, रामजानकी मंदिर, ठाकुर जी मंदिर और पहलऊनाथ शिव मंदिर के विकास से जुड़े प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे, जिन्हें स्वीकृति मिल गई है। अब विभाग द्वारा कार्य कराने के लिए एजेंसियों का चयन किया जा रहा है और मार्च की शुरुआत में ही करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
पर्यटन विभाग के अनुसार बड़ा बाग हनुमान मंदिर में 355.54 लाख रुपये की लागत से बहुउद्देशीय हॉल, धर्मशाला, मुख्य द्वार, परिक्रमा स्थल और लाइटिंग का कार्य कराया जाएगा। आंवला तहसील क्षेत्र स्थित अहिच्छत्र में यात्री विश्राम गृह, अतिरिक्त विकास कार्य और उद्यान के लिए 213.40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक के सिरोही शिव मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, यात्री पाथ-वे और विश्राम गृह का निर्माण होगा।
इसके अलावा रामजानकी मंदिर में बहुउद्देशीय हॉल, मुख्य द्वार, पाथ-वे और उद्यान के निर्माण के लिए 296.63 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। मीरगंज स्थित ठाकुर जी मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, धर्मशाला और उद्यान के लिए 106.44 लाख रुपये तथा फरीदपुर के पहलऊनाथ शिव मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, संत विश्राम गृह, पाथ-वे और उद्यान के लिए 103.05 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इन कार्यों के पूरा होने से बरेली धार्मिक पर्यटन के नक्शे पर और मजबूत पहचान बना सकेगा।


