औरैया। दिबियापुर मार्ग पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे सात छात्र घायल हो गए। भाग्यनगर के पास एक ऑटो और तीन बाइकों के बीच हुई टक्कर में सभी छात्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर में भर्ती कराया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच छात्रों को पुलिस की निगरानी में उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाकर परीक्षा दिलाई गई, जबकि दो छात्रों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया, जिससे वे परीक्षा देने से वंचित रह गए।
मिली जानकारी के अनुसार फफूंद थाना क्षेत्र के गांव भौनकपुर निवासी छात्र शैलेन्द्र, रोहित, शिवकांत और शिवा दो बाइकों पर सवार होकर भाग्यनगर स्थित किसान इंटर कॉलेज में आयोजित हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। जब वे भाग्यनगर के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहे एक ऑटो से अचानक एक बाइक जा टकराई। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी ऑटो और बाइक से टकरा गई। इसी दौरान अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के दयानगर निवासी शैलेन्द्र नायक, अमित नायक तथा राऊपुर निवासी विकास की बाइक भी पीछे से आकर भिड़ गई। देखते ही देखते एक के बाद एक तीन बाइकों की टक्कर होने से अफरा-तफरी मच गई और सभी सात छात्र घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी छात्रों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकीय जांच के बाद शैलेन्द्र नायक, रोहित, विकास, शैलेन्द्र और अभिषेक को प्राथमिक उपचार देकर पुलिस की मदद से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया, ताकि वे अपनी बोर्ड परीक्षा दे सकें।
वहीं भौनकपुर निवासी शिवकांत और शिवा को गंभीर चोटें आई थीं। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दोनों छात्र परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, जिससे उनके परिजनों में चिंता का माहौल बना रहा। हादसे की सूचना मिलने पर घायल छात्रों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच छात्रों को पुलिस स्टाफ के साथ परीक्षा केंद्र भेजकर उनकी परीक्षा दिलाई गई, जबकि दो छात्र अधिक घायल होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


