बाराबंकी: बाराबंकी जिले (Barabanki) में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई दुस्साहसिक वारदात ने कानून-व्यवस्था (Law and order) पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित असेनी मोड़ के पास अज्ञात हमलावरों ने बाहुबली मुख्तार अंसारी के करीबी अधिवक्ता और ‘शार्प शूटर’ के रूप में चर्चित शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी। सरेराह हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोएब किदवई लखनऊ की ओर से आ रही अपनी बलिनो कार में सवार थे। जैसे ही उनकी कार असेनी मोड़ के पास पहुंची, पहले से घात लगाए शूटरों ने वाहन को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक करीब 15 राउंड गोलियां चलाई गईं। फायरिंग इतनी अचानक और तीव्र थी कि आसपास मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए। हाईवे पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत
अंधाधुंध फायरिंग में शोएब किदवई गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अब तक घटनास्थल से पांच से अधिक खोखे बरामद किए हैं। फायरिंग के निशान कार और आसपास के क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहे हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हमलावरों की तलाश में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है।
आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच
मृतक शोएब किदवई उर्फ बॉबी का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था। उन्हें बाहुबली मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जाता रहा है। पुलिस पुराने मामलों और आपसी रंजिश की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की साजिश और हमलावरों की पहचान जल्द उजागर की जाएगी।
दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस घटना ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। व्यस्त मार्ग पर खुलेआम गोलियां चलना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।


