हरदोई
शहर कोतवाली क्षेत्र के सिब्बा पुरवा गांव में मंगलवार दोपहर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत की मेड़ पर पड़े शव को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
मृतक की पहचान पड़ोसी गांव किसानन पुरवा निवासी 35 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है। अरुण पेशे से कार चालक थे और अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतक के छोटे भाई विवेक के अनुसार, सोमवार शाम अरुण के पास एक फोन आया था, जिसके बाद दो लोग उन्हें घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद अरुण वापस नहीं लौटे। मंगलवार को उनका शव मिलने की खबर से परिवार सदमे में आ गया।
परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि किसी ने अरुण की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी रीना, एक पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं, जिनका अब सहारा छिन गया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


