केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के वरिष्ठ अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह को उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर पदोन्नत किया गया है। संघ लोक सेवा आयोग की सिफारिश पर हुई यह पदोन्नति उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतिफल मानी जा रही है।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ जनपद निवासी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने दर्शनशास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है और इस विषय में स्वर्ण पदक विजेता रहे हैं। वर्ष 2004 बैच के अधिकारी के रूप में उन्होंने अपने सेवाकाल में CISF के तहत देश के विभिन्न राज्यों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
श्री सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में भी अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त, कश्मीर के बारामूला क्षेत्र में स्थित किशनगंगा जल विद्युत परियोजना के लिए CISF इकाई की स्थापना में उनकी अहम भूमिका रही है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के अंतर्गत हैती में कंटीजेंट कमांडर के रूप में उन्होंने कार्य किया। उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए वर्ष 2022 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वर्तमान में, शैलेन्द्र प्रताप सिंह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की विशेष सुरक्षा समूह (SSG) इकाई, ग्रेटर नोएडा में उप महानिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। यहां वह देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था का पर्यवेक्षण कर रहे हैं।
उनकी इस महत्वपूर्ण पदोन्नति पर प्रशासनिक अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। नवाबगंज स्थित जेएस इंटर कॉलेज के स्टाफ, जिसमें प्रधानाचार्य प्रदीप यादव, मेघनाथ, परमनाथ, कुलभ सिंह, ओमकार यादव, वीरेंद्र यादव, करन यादव, शिवम कुमार और प्रवीण कुमार शामिल हैं, ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और इस अवसर पर मिठाई बांटी।


