शीत ऋतु में बदला रामलला दर्शन का समय, अब सुबह 7 बजे से होंगे दर्शन और रात 9 बजे तक खुला रहेगा मंदिर

0
41

अयोध्या। शीत ऋतु के आगमन के साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन के समय में बदलाव किया गया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बृहस्पतिवार से नई समय सारिणी लागू कर दी है। अब श्रद्धालु सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं आरती और भोग के समय में भी परिवर्तन किया गया है। ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि शरद ऋतु की शुरुआत के साथ ही सुबह और रात में ठंड बढ़ने लगी है, ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दर्शन अवधि में कुछ बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब मंगला आरती सुबह 4:30 बजे होगी, जो पहले 4 बजे होती थी। वहीं श्रृंगार आरती का समय सुबह 6:30 बजे कर दिया गया है, जबकि पहले यह 6 बजे होती थी।

रामलला के दर्शन अब सुबह 7 बजे से शुरू होंगे और रात 9 बजे तक जारी रहेंगे। दोपहर में भोग आरती और पूजन के दौरान मंदिर के कपाट एक घंटे के लिए बंद रहेंगे। ट्रस्ट द्वारा जारी नई समय सारिणी के अनुसार सुबह 4:30 बजे मंगला आरती, सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती के बाद दर्शन मार्ग से प्रवेश प्रारंभ, सुबह 7 बजे दर्शन प्रारंभ, दोपहर 12 बजे भोग आरती के समय डी-वन से प्रवेश बंद, दोपहर 12:30 से 1 बजे तक पट बंद, दोपहर 1 बजे दर्शन पुनः प्रारंभ, रात 9 बजे डी-एक से प्रवेश बंद, रात 9:15 बजे दर्शन समाप्त और रात 9:30 बजे शयन आरती के बाद कपाट बंद किए जाएंगे।

ट्रस्ट ने बताया कि यह नई व्यवस्था शीत ऋतु के दौरान प्रभावी रहेगी और मौसम के अनुसार भविष्य में इसमें पुनः बदलाव संभव है। श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ही मंदिर पहुंचें ताकि दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here