19 C
Lucknow
Friday, March 20, 2026

अलविदा जुमे व नवरात्रि पर सुरक्षा चाक-चौबंद, एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च

Must read

 

एटा। जनपद में अलविदा जुमा की नमाज और नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मस्जिदों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास लगातार पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि वर्तमान में रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और ईद का त्योहार भी निकट है। ऐसे में अलविदा जुमे की नमाज को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है और हर गतिविधि पर पैनी नजर है।
उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना बनाए रखें तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसएसपी ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी पूरे शहर की निगरानी की जा रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के चलते जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और दोनों पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होने की दिशा में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article