शाहजहांपुर। विकासखंड खुटार के प्राथमिक विद्यालय सौफरी में सोमवार को स्कूल चलो अभियान के तहत प्रेरणादायक रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ विद्यालय की इंचार्ज तरन्नुम ने किया। रैली में शामिल नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर गांव में जागरूकता का संदेश दिया। खास बात यह रही कि बच्चों ने वेस्ट न्यूज़पेपर से बनी आकर्षक टोपियां पहन रखी थीं, जो लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों की धुन पर बच्चे पूरे गांव में उत्साह के साथ निकले और घर-घर जाकर अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संतकुमार, अभिभावक रामू, गीता देवी, रामलखन, महेंद्र कुमार और राजाराम समेत कई गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। विद्यालय स्टाफ से सोनू सिंह, सरवजीत कौर, निर्मला देवी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। वहीं आंगनवाड़ी कार्यकत्री शशिकला देवी और विजयकांति का भी सराहनीय सहयोग रहा। रैली के दौरान बच्चों के उत्साह का असर यह रहा कि गांव के लोग भी स्वतः जुड़ते चले गए और अभियान ने जनजागरण का रूप ले लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। इस आयोजन ने न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि विद्यालय और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


