37.1 C
Lucknow
Friday, March 13, 2026

रेलवे लाइन किनारे पेड़ पर महिला का शव, नीचे देवर व मासूम बच्ची की लाश

Must read

हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस

बुलंदशहर। जनपद के खुर्जा क्षेत्र के नेहरूपुर गांव के पास रेलवे लाइन किनारे एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेत के पास एक पेड़ से महिला का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला, जबकि उसी पेड़ के नीचे उसके देवर और लगभग पांच वर्षीय बच्ची के शव पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार नेहरूपुर गांव के पास खेत के किनारे रेलवे लाइन के पास एक पेड़ के नीचे पांच वर्षीय बच्ची सावंती और उसके चाचा सरल सरकार (28) का शव पड़ा मिला। वहीं उसी पेड़ पर बच्ची की मां देवी सरकार (32) का शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। सुबह रेलवे के कीमैन ने तीनों शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह, सीओ खुर्जा शोभित कुमार तथा खुर्जा नगर व खुर्जा देहात थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
मौके से कई संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद हुई हैं। पुलिस को दो अलग-अलग स्थानों पर चिप्स के सात पैकेट, एक कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल, एक पराठा और एक सेब मिला है। इसके अलावा दोनों के मोबाइल फोन भी टूटे हुए हालत में पाए गए। जांच के दौरान पाया गया कि महिला देवी सरकार का शव पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका था, जबकि जमीन पर पड़े सरल सरकार और बच्ची सावंती के शवों की गर्दन पर भी रस्सी के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक महिला देवी सरकार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के पूर्वा मल्लापूरा गांव की रहने वाली थी। वह अपने पति अपीश्वर के साथ खुर्जा की एक पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। वहीं मृतक युवक सरल सरकार, जो रिश्ते में देवी का देवर बताया जा रहा है, वह भी खुर्जा की एक अन्य पॉटरी इकाई में मजदूरी करता था।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन महिला का पति अपीश्वर घटना के बाद से फरार है, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
एक साथ तीन शव मिलने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस टीम मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article