फर्रुखाबाद। शहर स्थित थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाने के ठीक सामने “छोटू कबाड़ी” नाम से चर्चित व्यक्ति द्वारा खुलेआम ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि कथित अवैध गतिविधि पुलिस थाना परिसर के सामने ही बेखौफ ढंग से चल रही है, जिससे क्षेत्र में रोष और अविश्वास का माहौल बन गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, छोटू कबाड़ी लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा कारोबार में सक्रिय है और अपने अधीन कई छोटे सटोरियों का नेटवर्क संचालित करता है। आरोप है कि वह खुलेआम यह दावा करता फिरता है कि उसकी “ऊपर तक सेटिंग” है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इतना ही नहीं, चर्चा यह भी है कि वह जिम्मेदारों तक नियमित “महीना” पहुंचाने की बात कहकर अपने सहयोगियों को संरक्षण का भरोसा देता है। इन दावों के चलते उसके नेटवर्क से जुड़े लोग बिना किसी डर के सट्टे के कारोबार में जुटे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि यह कथित ऑनलाइन सट्टा मोबाइल ऐप, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कॉल के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। तेजी से युवाओं को इस जाल में जोड़ा जा रहा है, जिससे उनके भविष्य पर संकट मंडरा रहा है। कई परिवारों ने चिंता जताई है कि उनके घर के युवा इस अवैध गतिविधि की चपेट में आकर आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं। इससे पारिवारिक कलह और आर्थिक अस्थिरता की स्थिति पैदा हो रही है।
गौरतलब है कि छोटू कबाड़ी के खिलाफ पूर्व में भी सट्टा और जुआ अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज होने की चर्चा है। इसके बावजूद यदि वह खुलेआम थाने के सामने कथित रूप से अपना नेटवर्क चला रहा है, तो यह व्यवस्था की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस थाना परिसर के ठीक सामने ही अवैध गतिविधियां फल-फूल रही हैं, तो आमजन की सुरक्षा और कानून के भय का क्या अर्थ रह जाता है?
क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, आरोपों की सच्चाई सामने लाई जाए और यदि मिलीभगत पाई जाए तो संबंधित जिम्मेदारों पर भी कठोर कार्रवाई की जाए।
अब निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं। क्या सचमुच इस कथित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर सख्त शिकंजा कसा जाएगा, या फिर कानून के साए में ही यह खेल यूं ही चलता रहेगा यह आने वाला समय तय करेगा।






