– पीओके पर बोले — “हमारी सेना ने झंडा फहराया, लेकिन वापस बुला ली गई”; अमेरिका-रूस नीति पर भी जताई नाराज़गी
लखनऊ। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान कई अहम बयान दिए। उन्होंने कहा कि “मैंने हमेशा जिन्ना का विरोध किया है, क्योंकि जिन्ना भारत के बंटवारे के ज़िम्मेदार थे। जिन्ना को किसी भी रूप में महिमामंडित करना देश के हित में नहीं है।”
उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर केंद्र सरकार की नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “हमारी सेना पीओके में घुस गई थी, झंडा भी फहरा दिया गया, लेकिन बाद में सेना को वापस बुला लिया गया। यह समझ से परे है कि ऐसा क्यों किया गया।”
इमरान मसूद ने विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अमेरिका कभी किसी का स्थायी मित्र नहीं होता। आज वह हमारे साथ है, कल हमारे खिलाफ भी हो सकता है। रूस से संबंध खराब करना देश के लिए अच्छा नहीं है, क्योंकि रूस ने हमेशा भारत का साथ दिया है।”
सांसद ने कहा कि देश को ऐसी विदेश नीति की जरूरत है जो केवल मित्रता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हितों के आधार पर निर्णय ले। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह अंतरराष्ट्रीय संबंधों में संतुलन बनाए रखे और किसी एक देश के प्रभाव में आने से बचे।




