– लोधी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व महामंडलेश्वर डॉक्टर सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज की विशेष उपस्थिति ने बढ़ाई शोभा
– मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, आयोजन में दिखी सांसद मुकेश राजपूत की संगठनात्मक ताकत
फर्रुखाबाद।
तीसरी बार के सांसद मुकेश राजपूत के पुत्र अंकित राजपूत के विवाह उत्सव ने रविवार को फर्रुखाबाद की धरती पर प्रदेश स्तरीय राजनीतिक शक्ति, सामाजिक एकजुटता और जनस्नेह का विराट प्रदर्शन कर दिया। इस भव्य आयोजन में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री, सांसद, विधायक, संत महात्मा, शिक्षाविद और हजारों नागरिकों की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
विवाह समारोह में लोधी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व महामंडलेश्वर डॉक्टर सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को चार चांद लगा दिए। साक्षी महाराज ने सांसद मुकेश राजपूत को तीसरी बार संसद पहुंचने पर बधाई देते हुए कहा कि “मुकेश राजपूत केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि अपने समाज, क्षेत्र और संगठन के सच्चे सेवक हैं। उनके कार्यों में सेवा, संगठन और समर्पण की त्रिवेणी झलकती है।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि “सांसद मुकेश राजपूत ने फर्रुखाबाद को विकास के पथ पर अग्रसर करने में जिस निष्ठा और लगन से काम किया है, वह पार्टी और संगठन दोनों के लिए प्रेरणास्रोत है।”
विवाह समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्व. कल्याण सिंह के सुपुत्र, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राजवीर सिंह (राजा भैया) अपने दर्जन भर से अधिक विधायक साथियों के साथ पहुंचे।
इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्य मंत्री असीम अरुण, सांसद रमेश अवस्थी, पूर्व मंत्री सतीश गौतम, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, संगठन मंत्री, और आसपास के जिलों — कन्नौज, इटावा, हरदोई, कासगंज, शाहजहांपुर, मैनपुरी — के विधायक व जिला प्रमुखों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।
सांसद मुकेश राजपूत ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक पारिवारिक उत्सव नहीं, बल्कि समाज और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “मेरा यह सौभाग्य है कि पार्टी और समाज के शीर्ष नेतृत्व ने आशीर्वाद देकर इस अवसर को और पावन बना दिया।”
विवाह उत्सव में हजारों की संख्या में लोग उमड़े। राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों, प्रख्यात संतों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों ने देर रात तक उपस्थिति बनाए रखी।
आयोजन स्थल मेजर एस.डी. सिंह आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज प्रांगण में व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्वयं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा व यातायात को सुचारू बनाए रखा।
मेजर एस.डी. सिंह मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ अनार सिंह उनके बेटे डॉ अंचल सिंह सपरिवार आयोजन स्थल पर सक्रिय रूप से मौजूद रहे,और प्रबंध व्यवस्था का मार्गदर्शन किया।
समारोह का भव्य वातावरण, अनुशासित भीड़ और जनसैलाब ने यह साबित कर दिया कि सांसद मुकेश राजपूत न केवल जनता के प्रिय प्रतिनिधि हैं, बल्कि प्रदेश भाजपा के एक सशक्त स्तंभ के रूप में उभर चुके हैं।
रविवार की रात तक चले इस आयोजन ने न केवल फर्रुखाबाद बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बना रहा। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, इस समारोह ने यह स्पष्ट संकेत दे दिया कि आगामी समय में मुकेश राजपूत की राजनीतिक पकड़ और जनाधार और भी मजबूत होने जा रहा है।






