लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने बड़ा बयान देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया है। उनके इस बयान से प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
संजय निषाद ने कहा कि भाजपा ने निषाद समाज से किए गए कई वादे पूरे नहीं किए, जिससे समाज में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि स्थिति नहीं सुधरी, तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि निषाद राज के जन्मोत्सव पर अवकाश घोषित नहीं किया गया, जिससे समाज में असंतोष और गहरा हुआ है। यह मुद्दा लंबे समय से उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
कैबिनेट मंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई अधिकारी अभी भी पिछली सरकारों की मानसिकता से काम कर रहे हैं, जिसका नुकसान वर्तमान सरकार को उठाना पड़ रहा है।
संजय निषाद ने आगे कहा कि यदि हालात ऐसे ही बने रहे, तो लोकसभा चुनाव जैसा परिणाम विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिल सकता है। उनके इस बयान को राजनीतिक दबाव और आगामी चुनावों की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है और आने वाले समय में इसके असर देखने को मिल सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद नें लगाया भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप


