संभल
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में संभल के युवा खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, एकाग्रता और अनुशासन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के वर्ग 10 में नैतिक चाहल (गांव चिमियावली), मनिंदर सिंह धनोवा और आदित्य राज (शरीफपुर) ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। वहीं वर्ग 13 में रुद्र लोचल (सिंहपुर साहनी) और परीक्षार्थ (दतावली) ने भी उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए प्रदेश का परचम लहराया। इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।
देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच यह प्रतियोगिता काफी चुनौतीपूर्ण रही, लेकिन संभल के खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। इससे पहले वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी इन खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया था।
प्रतियोगिता से लौटने पर खिलाड़ियों का संभल में जोरदार स्वागत किया गया। खिलाड़ियों और उनके कोच वरुण धनावा ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर तीरंदाजी के लिए स्थायी और सुरक्षित मैदान की मांग रखी। जिलाधिकारी ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। कोच वरुण धनावा ने बताया कि उचित सुविधाएं मिलने पर ये खिलाड़ी भविष्य में और बड़े स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।


