– डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
फर्रुखाबाद। जनपद के कायमगंज तहसील में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक और कायमगंज विधायक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान कुल 93 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


