शकुंतला देवी इंटर कॉलेज नवाबगंज का बड़ा खुलासा: बिना भवन के चल रहा कॉलेज, नर्सिंग छात्रावास में चल रही कक्षाएं — शासन ने लिया संज्ञान

0
134

फर्रुखाबाद। नवाबगंज क्षेत्र में शिक्षा के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। शकुंतला देवी इंटर कॉलेज पिछले कई वर्षों से बिना भवन के ही संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की कक्षाएं सुनीता नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास में चल रही हैं, और इसी भवन को हर बार मान्यता के नाम पर दिखाकर नवीनीकरण कराया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2014 से यह इंटर कॉलेज पूरी तरह अवैध रूप से संचालित हो रहा है। नर्सिंग कॉलेज के छात्रावास को ही इंटर कॉलेज भवन बताकर अटल बिहारी वाजपेयी तकनीकी विश्वविद्यालय से हर साल आने वाले निरीक्षण पैनल को गुमराह किया जाता है। जांच में यह भी सामने आया है कि पैनल निरीक्षण के दौरान फर्जी दस्तावेज और अस्थायी इंतजाम दिखाकर कॉलेज को मान्यता दिलाई जाती रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कॉलेज का कोई स्वतंत्र भवन आज तक निर्मित नहीं हुआ है। इसके बावजूद छात्र नामांकन, परीक्षा और प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग के सूत्रों ने माना है कि “मामला गंभीर है और इसमें कई स्तरों पर लापरवाही या मिलीभगत की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।”
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे खेल में जेएस ग्रुप के चेयरमैन शैलेंद्र यादव और शातिर अवधेश मिश्रा की मिलीभगत रही है। बताया जा रहा है कि दोनों ने आपसी सांठगांठ से भवन और संस्थान से जुड़े दस्तावेजों में हेराफेरी की, जिससे कॉलेज का संचालन बिना किसी वैधानिक आधार के जारी रहा।
अब शासन ने इस पूरे प्रकरण का संज्ञान ले लिया है। संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब की गई है और यह संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में शकुंतला देवी इंटर कॉलेज की मान्यता निरस्त की जा सकती है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जांच की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि “शिक्षा के नाम पर वर्षों से धोखा चल रहा है। सरकार को इस गड़बड़ी में शामिल सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here