दहेज प्रथा के खिलाफ दिया मजबूत संदेश, लड़की पक्ष को सम्मानपूर्वक लौटाया तिलक का पैसा — वीडियो वायरल
बागपत। जिले के बड़ौत कस्बे के रहने वाले रक्षित राणा ने दहेज प्रथा के खिलाफ साहसिक और प्रेरणादायक कदम उठाते हुए अपनी सगाई समारोह में लड़की पक्ष द्वारा दिए जा रहे 21 लाख रुपये के चेक को लौटा दिया। यह घटना केवल परिवार तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिस पर लोग दूल्हे की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दिल्ली निवासी दिव्या से रक्षित राणा की सगाई तय हुई थी। तिलक कार्यक्रम के दौरान परंपरा के तहत लड़की पक्ष की ओर से दूल्हे को 21 लाख रुपये का चेक सौंपने की कोशिश की गई। जैसे ही रक्षित को यह जानकारी हुई, उन्होंने तत्काल इसे दहेज का स्वरूप बताते हुए लेने से साफ इनकार कर दिया।
रक्षित ने सगाई में मौजूद सभी लोगों से कहा कि दहेज प्रथा समाज के लिए अभिशाप है और इससे लड़कियों के परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने दो टूक कहा कि वे अपनी शादी को दहेज-मुक्त रखना चाहते हैं और किसी भी तरह का लेनदेन स्वीकार नहीं करेंगे।
उनके इस फैसले का लड़की पक्ष ने भी सम्मान किया और पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में आगे बढ़ा। रक्षित द्वारा चेक लौटाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें मौजूद लोग उनके कदम का स्वागत करते हुए तालियां बजाते दिखाई दे रहे हैं।
रक्षित राणा के इस सकारात्मक और साहसिक कदम ने स्थानीय क्षेत्र में प्रेरणा की लहर पैदा कर दी है। लोग उनकी सराहना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि समाज में दहेज जैसी कुरीतियों को खत्म करने के लिए ऐसे ही जागरूक निर्णयों की आवश्यकता है।






