सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

0
96

शमसाबाद। थाना क्षेत्र के गांव ऊगर पुर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय आयुष तिवारी पुत्र स्वर्गीय अरविंद तिवारी की जान चली गई। मृतक अपने बड़े भाई अनुज तिवारी के साथ जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता था और शुक्रवार सुबह अकेले अपने बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। तभी हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के तुरंत बाद आयुष तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना बड़े भाई अनुज तिवारी को मिली, जो तुरंत मौके पर पहुंचे। अनुज ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद देर रात शव गांव पहुंचा, तो पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया। गांव के लोग और पड़ोसी इस दुखद घटना से स्तब्ध थे।

आयुष तिवारी दो भाइयों में छोटे थे। उनके पिता अरविंद तिवारी की कुछ समय पहले ही मौत हो चुकी थी। इस दुखद समय में उनकी मां बेबी और बड़े भाई अनुज का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोग परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचे।

शव का अंतिम संस्कार ढाई घाट पर किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here