28 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

गैस सिलेंडर को लेकर ग्रामीण उपभोक्ता परेशान, एजेंसी पर अव्यवस्था के आरोप

Must read

 

 

 

 

संभल जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर प्राप्त करने में उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर चंदौसी कोतवाली क्षेत्र स्थित ताहिर भारत गैस एजेंसी पर लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 

ग्राहकों का कहना है कि सुबह से लंबी कतार में खड़े रहने के बावजूद उन्हें अक्सर यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उनकी बुकिंग नहीं हुई है। बनियाखेड़ा गांव के तरुण कुमार ने बताया कि उन्होंने मोबाइल से गैस बुक की थी और ₹850 की बुकिंग का संदेश भी प्राप्त हुआ, लेकिन एजेंसी पर पहुंचने पर उनकी बुकिंग से इनकार कर दिया गया।

 

इसी तरह लक्ष्मणगंज की उपभोक्ता संगीता को पहले सेल्समैन ने एजेंसी से सिलेंडर लेने के लिए भेजा, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि सिलेंडर घर पर ही डिलीवर किया जाएगा। वहीं उपभोक्ता विजेंद्र ने बताया कि तीन घंटे इंतजार के बाद उन्हें जानकारी दी गई कि फिलहाल 15 तारीख की बुकिंग वाले सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और उनका नंबर तीन दिन बाद आएगा।

 

इसके विपरीत, शहर क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। कैलादेवी इंडेन गैस एजेंसी और डोडा गैस एजेंसी सहित अन्य एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो रही है। उपभोक्ताओं विपिन गुप्ता और विशाल कुमार ने बताया कि उनकी बुकिंग तुरंत हो गई और 2-3 दिनों में सिलेंडर मिलने की जानकारी दी गई है।

 

जिला पूर्ति अधिकारी शिवी गर्ग ने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उनके अनुसार, संभल में कुल 39 गैस एजेंसियां हैं और लगभग 4.50 लाख उपभोक्ता हैं। प्रतिदिन करीब 13,000 सिलेंडरों की बुकिंग और उतनी ही डिलीवरी की जा रही है।

 

वहीं एजेंसी संचालक मोहम्मद ताहिर ने बताया कि उनकी एजेंसी पर कोई बड़ी समस्या नहीं है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग में लगभग 45 दिन तक का समय लग रहा है। उन्होंने यह भी माना कि कुछ उपभोक्ता केवाईसी से जुड़ी समस्याओं के कारण परेशान हो रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article