32.8 C
Lucknow
Friday, March 13, 2026

एचपीसीएल के बायोगैस प्लांट में हंगामा, पूर्व कॉन्ट्रैक्ट वर्कर पर रिपोर्ट

Must read

बदायूं: एचपीसीएल के कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी करते हुए एक पूर्व कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। प्लांट के उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता की तहरीर पर आरोपी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उप महाप्रबंधक के अनुसार, आरोपी अजय प्रताप सिंह ने प्रतिबंधित क्षेत्र में जबरन प्रवेश कर प्लांट के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसने खुद को नोएडा और शाहजहांपुर के कुख्यात गैंगस्टर गिरोहों से जुड़ा बताया और अपने शरीर पर चाकू के निशान दिखाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने खुलेआम सभी को सबक सिखाने की धमकी भी दी।

प्रबंधन का आरोप है कि आरोपी ने प्लांट परिसर में हंगामा करने के बाद बाहर निकलते समय अधिकारियों की गाड़ी को जबरन रोक लिया और बाइक से करीब पांच किलोमीटर तक उनका पीछा किया। इस दौरान उसने कई बार ओवरटेक कर जान से मारने की धमकियां दीं, जिससे अधिकारी और कर्मचारी भयभीत हो गए।

प्लांट प्रबंधन ने पुलिस को बताया है कि इस तरह की गुंडागर्दी से सरकारी परियोजना के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है और कर्मचारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो प्लांट का संचालन बंद करने की नौबत आ सकती है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article