लखनऊ। उत्तर प्रदेश कौशल विकास विभाग की ओर से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित रोजगार मेले को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह रोजगार मेला राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार 9 जनवरी को आयोजित किया जाना था, जिसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना थी। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य मंडलों में भी अलग-अलग तिथियों पर रोजगार मेले आयोजित किए जाने की योजना तय की गई थी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार भौतिक तैयारियां समय पर पूरी न हो पाने के कारण इस रोजगार मेले को आगामी तिथि तक पोस्टपोन करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आयोजन को प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का पूरा होना जरूरी है, ताकि युवाओं और कंपनियों दोनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बताया गया कि प्रस्तावित रोजगार मेले में प्रदेश की 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के शामिल होने की संभावना थी और इसके माध्यम से लगभग 2500 से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल की गई थी। यह मेला खास तौर पर कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा था।
विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही सभी तैयारियां पूरी हो जाएंगी, रोजगार मेले की नई तिथि निर्धारित कर युवाओं को आधिकारिक माध्यमों से जानकारी दे दी जाएगी। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आगामी सूचना के लिए विभाग की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें।





