फतेहपुर। माघ मेले के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर संगम नगरी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने बस संचालन की विशेष योजना बनाई है। इस बार बसों का संचालन अनुमान के बजाय वास्तविक भीड़ को देखते हुए किया जाएगा, ताकि संसाधनों का सही उपयोग हो सके।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार माघ मेले के दौरान पहले से ही 80 रोडवेज बसें नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। महाशिवरात्रि के दिन भी यही बसें प्रयागराज मार्ग पर चलेंगी। इसके अतिरिक्त 14 शटल बसें चिन्हित की गई हैं, जिन्हें केवल तभी चलाया जाएगा जब यात्रियों की संख्या अधिक होगी।
यदि श्रद्धालुओं की भीड़ अपेक्षा से कम रहती है तो इन अतिरिक्त शटल बसों को अन्य मार्गों पर भेज दिया जाएगा। इससे खाली बसों के संचालन से बचा जा सकेगा और यात्रियों को भी अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि माघ मेले के प्रत्येक प्रमुख स्नान पर्व पर दो दिन पहले और दो दिन बाद तक बसों का संचालन किया गया है। महाशिवरात्रि के लिए भी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसें चलाकर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।


