रोडवेज संविदा चालकों और परिचालकों के मानदेय में बढ़ोतरी

0
27

लखनऊ| प्रदेश सरकार ने रोडवेज के संविदा चालकों और परिचालकों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि अब उन्हें प्रति किलोमीटर 14 पैसे अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। यह पुनरीक्षित दर 1 जनवरी 2026 से लागू होगी।

विशेष क्षेत्रों जैसे नोएडा, एनसीआर, सौनोली, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज डिपो के संविदा चालकों और परिचालकों को पहले औसतन 2.18 रुपये प्रति किलोमीटर मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर 2.28 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। अन्य क्षेत्रों के संविदा कर्मचारियों को 7 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी दी गई है। योजना के अनुसार चालकों के लिए दो वर्ष की निरंतर सेवा और परिचालकों के लिए चार वर्ष की निरंतर सेवा जरूरी है। साथ ही, वित्तीय वर्ष में उन्हें 288 दिन की ड्यूटी और 66,000 किलोमीटर की दूरी पूरी करनी होगी। इस आधार पर चालकों का कुल पारिश्रमिक लगभग 18,687 रुपये होगा, जिसमें प्रोत्साहन 4,000 रुपये शामिल है। परिचालकों के लिए कुल पारिश्रमिक 18,418 रुपये होगा।

साथ ही, वाराणसी में दूसरा रोजगार महाकुंभ आयोजित किया जा रहा है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव डॉ एमकेएस सुंदरम ने बताया कि यह कार्यक्रम 9 और 10 दिसंबर को आईटीआई करंदी, वाराणसी के परिसर में होगा। इसमें 293 निजी प्रतिष्ठित कंपनियां और 14 विदेशी कंपनियां (संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, सऊदी अरब) भाग लेंगी। अब तक 21,685 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। श्रम मंत्री अनिल राजभर ने आयोजनों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here