कासगंज: गंजडुंडवारा नगर में मंगलवार को श्री श्याम परिवार के तत्वावधान में श्रीश्याम निशान शोभायात्रा पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ निकाली गई। नगर का वातावरण ‘जय श्री श्याम’ के उद्घोष और भक्ति भजनों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय रंग में रंग गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ रेलवे रोड स्थित पंचायती बाग से हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आयेंद्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं बाबा श्याम की आरती उतारकर यात्रा को विधिवत रवाना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। यात्रा में आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनीं।
पीत वस्त्र धारण किए महिलाओं की टोलियां हाथों में निशान ध्वज लेकर भक्ति गीतों पर झूमती हुई चल रही थीं।
डीजे और भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत श्याम भजनों पर युवा भी थिरकते नजर आए। पूरा नगर भक्तिरस में डूबा दिखाई दिया। शोभायात्रा रेलवे रोड से प्रारंभ होकर हनुमान गढ़ी चौराहा, सुदामापुरी रोड, सब्जी मंडी, राजाराम चौराहा और सराफा बाजार सहित प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई पुनः पंचायती बाग पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।
समापन स्थल पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रबंध किए गए थे। आयोजन को सफल बनाने में ऋषि अग्रवाल, प्रफुल्ल जैन, भारत गुप्ता, हरिओम गुप्ता, रूबल गुप्ता, विकल्प गुप्ता, पूर्व सभासद रवि गुप्ता, निकेश अग्रवाल, अंकित भूषण, गौरव गुप्ता, रवि शाक्य, अजय गुप्ता, पप्पू गुप्ता, राजू बजरंगी, कुलदीप राजपूत सहित अनेक श्रद्धालुओं और पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।
शोभायात्रा के माध्यम से आयोजकों ने सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश भी दिया। नगरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत कर पुष्पवर्षा की और बाबा श्याम से नगर की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।


