नई दिल्ली। टीम इंडिया के उभरते स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे काफी समय से लिवर कैंसर के स्टेज-4 से जूझ रहे थे। हाल ही में तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
पिता की गंभीर हालत की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह ने टीम इंडिया का साथ छोड़कर तुरंत घर लौटने का फैसला किया। 24 फरवरी को चेन्नई में टीम इंडिया का प्रैक्टिस सत्र निर्धारित था, लेकिन रिंकू ने उसमें हिस्सा नहीं लिया और सीधे नोएडा पहुंचकर अपने पिता के पास रहे। परिवार के प्रति उनकी यह संवेदनशीलता और जिम्मेदारी भावुक कर देने वाली है।
रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले रिंकू की सफलता के पीछे उनके परिवार, खासकर पिता का बड़ा योगदान माना जाता है। कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद परिवार ने उनके क्रिकेट करियर को कभी रुकने नहीं दिया।
इस दुखद समाचार के बाद खेल जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर क्रिकेट प्रेमी उन्हें संवेदना दे रहे हैं और इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने की प्रार्थना कर रहे हैं।
यह क्षति केवल एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि एक बेटे की निजी और गहरी पीड़ा है। देश इस कठिन समय में रिंकू सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ा है।
टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, शोक में डूबा खेल जगत


