अलीगढ़। शुक्रवार को जिन कंधों पर पिता की अर्थी का बोझ था, शनिवार को उन्हीं कंधों पर करोड़ों भारतीयों की उम्मीदें और तिरंगे की आन होगी। अलीगढ़ के लाल और टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह ने निजी शोक को पीछे छोड़ देश के लिए खेलने का संकल्प लिया है। वह शनिवार दोपहर 12 बजे अलीगढ़ से रवाना होकर सीधे भारतीय टीम के बायो-बबल से जुड़ेंगे।
टी-20 वर्ल्ड कप के इस निर्णायक दौर में भारतीय टीम सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है। रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ “करो या मरो” मुकाबला खेला जाना है। ऐसे में फिनिशर की भूमिका निभाने वाले रिंकू की मौजूदगी टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

पिता की आखिरी खुशी बना बेटा

रिंकू के पिता खानचंद लंबे समय से अस्वस्थ थे। भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले में जब रिंकू ने विजयी चौका जड़ा था, तब बीमारी से जूझ रहे पिता की आंखों में चमक लौट आई थी। उन्होंने भावुक होकर कहा था कि बेटे की पारी ने उन्हें दर्द भुला दिया। वही याद अब रिंकू के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बन गई है। शुक्रवार को पिता के अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने परिवार को संभाला और देश के लिए खेलने का निर्णय लिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ओजोन सिटी स्थित आवास पर जब पिता के निधन की सूचना पहुंची तो माहौल गमगीन हो उठा। ग्रेटर नोएडा के अस्पताल से घर लाते समय तक मां बीना को उम्मीद थी कि डॉक्टर ने घर ले जाने को कहा है, लेकिन सच्चाई सामने आते ही वह बेसुध हो गईं। बहन नेहा और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। रिंकू ने भारी मन से परिवार को ढांढस बंधाया और फिर देशहित को सर्वोपरि मानते हुए टीम से जुड़ने का फैसला किया।
खानचंद अपने पीछे पत्नी बीना, चार बेटे—सोनू, मुकुल, शीलू और रिंकू—तथा बेटी नेहा को छोड़ गए हैं। रिंकू पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। पिछले वर्ष 8 जून 2025 को लखनऊ में मछली शहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ उनकी सगाई हुई थी।

कर्तव्यनिष्ठा की परंपरा में एक और नाम

रिंकू का यह निर्णय भारतीय क्रिकेट की उस परंपरा की याद दिलाता है, जब खिलाड़ियों ने निजी दुख को परे रख देश के लिए मैदान संभाला। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि यह जज्बा टीम के मनोबल को नई ऊर्जा देगा। अब सबकी निगाहें वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां रिंकू से एक बार फिर निर्णायक पारी की उम्मीद की जा रही है।
राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि मानते हुए निजी शोक में भी टीम से जुड़ने का रिंकू का फैसला उन्हें प्रशंसकों के दिलों में और ऊंचा स्थान दिला रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here