फतेहपुर: फतेहपुर के राधानगर टाउन स्थित पश्चिम गली के बाशिंदे विद्युत विभाग (Residents Electricity Department) के अवर अभियंता (जेई) की कार्यशैली से नाराज हैं। आरोप है कि मोहल्लेवासियों के विरोध के बावजूद सड़क के बीच गड्ढा खोदकर नया बिजली का खंभा (electricity pole) लगा दिया गया, जिससे रास्ता संकरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे एंबुलेंस, दमकल और अन्य बड़े वाहनों के आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है।
मोहल्लेवासी राजनारायण सिंह, उपेंद्रनाथ त्रिपाठी, अरुण मिश्रा और लाल तिवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि करीब 30 वर्ष पहले यहां एलटी लाइन डाली गई थी, तब सड़क की चौड़ाई लगभग 15 फीट थी। पहले से ही सड़क पर बिजली पोल, नाली और गैस पाइपलाइन मौजूद हैं, जिससे मार्ग अब केवल 10 से 11 फीट रह गया है।
आरोप है कि मोहल्ले के एक व्यक्ति ने छह वर्ष पूर्व अपने मकान का छज्जा तीन फीट आगे बढ़ाते हुए बिजली का खंभा और बॉक्स अपनी सीमा में कर लिया था। पांच फरवरी को उसी व्यक्ति के अनुरोध पर राधानगर टाउन के जेई ने पुलिस की मौजूदगी में नया पोल सड़क की ओर तीन से चार फीट आगे लगवा दिया। विरोध के बावजूद विभाग ने मोहल्लेवासियों की आपत्ति पर ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पश्चिम गली में पहले से ही पर्याप्त जगह नहीं है, ऐसे में सड़क पर खंभा लगाने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने मांग की है कि खंभे को हटाकर उचित स्थान पर लगाया जाए, ताकि आवागमन सुचारु रह सके।
वहीं, जेई विजय गौतम का कहना है कि गली में अन्य कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं था, इसलिए खंभा थोड़ा आगे लगाना पड़ा। उन्होंने कहा कि वाहनों का आवागमन संभव है और यदि मोहल्लेवासी सामूहिक रूप से कोई वैकल्पिक स्थान सुझाते हैं तो विभाग उस पर विचार करेगा।


