अमृतपुर/फर्रुखाबाद: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर (PHC Amritpur) में एक बार फिर चोरी (Repeated theft) के प्रयास की घटना सामने आई है। इस बार चोरों ने स्टाफ नर्स अंजलि के आवासीय कक्ष को निशाना बनाया। लगातार हो रही घटनाओं ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अंजलि वर्तमान में पिथनापुर पीएचसी में तैनात हैं, लेकिन उन्हें अमृतपुर पीएचसी परिसर में आवास आवंटित है। पारिवारिक कारणों से कुछ दिनों के लिए बाहर रहने के बाद जब वह लौटीं तो कमरे का सामान बिखरा मिला और खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। स्पष्ट है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अंदर घुसकर तलाशी ली।
गौरतलब है कि इससे पहले भी उनके कमरे में चोरी की घटना हो चुकी है, जिसमें उनका कीमती कंबल चोरी हो गया था। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और कर्मचारियों का कहना है कि यदि सरकारी परिसर ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा? लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
पीड़िता ने थाना अमृतपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि त्वरित और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन जनता के इस रोष को गंभीरता से लेगा या फिर किसी बड़ी घटना के बाद ही कदम उठाए जाएंगे?


