लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेलवे की अव्यवस्थाओं के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सीतापुर–एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म बदलने और कोच गाइडेंस सिस्टम पर गलत जानकारी प्रदर्शित होने से स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही यात्री अपनी-अपनी बोगियों की तलाश में इधर-उधर दौड़ते नजर आए।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12108 सीतापुर–एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को पहले प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आना था, लेकिन ऐन वक्त पर रेलवे ने इसका प्लेटफॉर्म बदलकर नंबर तीन कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर यात्री किसी तरह अपना सामान लेकर प्लेटफॉर्म तीन पर पहुंचे। यहां कोच गाइडेंस सिस्टम पर इंजन की ओर जनरल कोच के बाद स्लीपर बोगियों की स्थिति दिखाई गई, जबकि वास्तविकता इससे अलग थी।
गलत जानकारी के कारण जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई, यात्री अपनी बोगियों तक पहुंचने के लिए दौड़ने लगे। इसी अफरातफरी के बीच ट्रेन में चेन पुलिंग हो गई, जिससे ट्रेन करीब 25 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। देरी से नाराज और परेशान यात्रियों में रोष भी देखने को मिला।
स्थिति बिगड़ते देख आरपीएफ के जवानों ने मोर्चा संभाला और यात्रियों को सही कोच तक पहुंचाने में मदद की। काफी मशक्कत के बाद हालात सामान्य हो सके और ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
यात्रियों का कहना है कि प्लेटफॉर्म बदलने की समय पर और स्पष्ट सूचना न देना तथा कोच गाइडेंस सिस्टम में गलत जानकारी देना रेलवे की गंभीर लापरवाही है। ऐसी अव्यवस्थाओं के कारण यात्रियों की सुरक्षा और समय दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here