मथुरा। रसोई गैस की बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग व्हाट्सऐप नंबर के माध्यम से या मोबाइल ऐप के जरिए भी कराई जा सकती है। इससे उन लोगों को कुछ सहूलियत मिल सकती है जिन्हें लंबे समय से गैस बुक कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पिछले कुछ दिनों से सर्वर और ओटीपी से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण कई स्थानों पर गैस सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग प्रभावित हो रही है। इसका असर यह हुआ कि न तो समय पर बुकिंग हो पा रही है और न ही कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर की डिलीवरी मिल पा रही है। इससे घरों की रसोई पर संकट की स्थिति बनने लगी है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अब कंपनी की ओर से वैकल्पिक माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। लोग व्हाट्सऐप नंबर 7588888825 पर संदेश भेजकर या ‘इंडियन ऑयल वन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी गैस सिलिंडर बुक करा सकते हैं। बताया जा रहा है कि इन माध्यमों से बुकिंग अपेक्षाकृत आसानी से हो रही है और उपभोक्ताओं को बुकिंग की पुष्टि भी मिल रही है।
छाता क्षेत्र के निवासी कल्लन ने बताया कि उनका गैस सिलिंडर काफी समय पहले खत्म हो चुका है, लेकिन कई बार प्रयास करने के बावजूद बुकिंग नहीं हो पा रही थी। वहीं देशराज का कहना है कि मोबाइल पर ओटीपी न आने की वजह से गैस वितरण करने वाले हॉकर भी सिलिंडर देने से मना कर रहे हैं, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
ओम इंडेन गैस एजेंसी के संचालक गौतम यादव का कहना है कि गैस की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है। समस्या केवल तकनीकी गड़बड़ी की वजह से सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता कंपनी के अधिकृत नंबर 8454595555 और 7718955555 पर कॉल कर भी गैस बुक करा सकते हैं।
हालांकि कई उपभोक्ताओं का कहना है कि वैकल्पिक माध्यम होने के बावजूद ओटीपी और सर्वर से जुड़ी समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। लोगों ने मांग की है कि संबंधित कंपनियां और प्रशासन इस तकनीकी खामी को जल्द दूर करें, ताकि उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।


