20.3 C
Lucknow
Thursday, February 26, 2026

पांचाल घाट पर मेला श्री रामनगरिया की वेबसाइट व लोगो का विमोचन

Must read

– निर्माण टीम और अभिनय दीक्षित की सराहना

फर्रुखाबाद: गंगा तट स्थित ऐतिहासिक पांचाल घाट (Panchal Ghat) पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद ने मेला श्री रामनगरिया (Mela Shri Ramnagariya) की आधिकारिक वेबसाइट एवं लोगो का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर को मेला के डिजिटल युग में प्रवेश के रूप में देखा जा रहा है। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में वेबसाइट और लोगो के निर्माण में जुटी पूरी टीम की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सीमित समय में जिस तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक संवेदनशीलता के साथ वेबसाइट और लोगो का निर्माण किया गया है, वह सराहनीय है। यह पहल मेला श्री रामनगरिया की पहचान को केवल जनपद ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश स्तर तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।

विशेष रूप से जिलाधिकारी ने वेबसाइट व लोगो निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनय दीक्षित की कार्यकुशलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिनय दीक्षित एवं उनकी टीम ने तकनीक और परंपरा का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया है। वेबसाइट melaramnagariy.com पर मेला का इतिहास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी, घाटों का विवरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और आवश्यक दिशा-निर्देश अत्यंत सरल और सुगम रूप में उपलब्ध कराए गए हैं।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि इस डिजिटल पहल से श्रद्धालुओं को सही और प्रामाणिक जानकारी समय पर मिलेगी, भीड़ प्रबंधन में सहायता मिलेगी और मेला प्रशासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वेबसाइट को नियमित रूप से अपडेट किया जाए और भविष्य में इसमें ऑनलाइन सूचना, शिकायत व सुझाव जैसी सुविधाओं को भी जोड़ा जाए।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी वेबसाइट और लोगो की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे मेला श्री रामनगरिया के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। अंत में मेला प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की कि मेला से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट melaramnagariy.com पर ही भरोसा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर मेला को सफल बनाने में सहयोग दें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article