पीड़िता बोली – युवक ने फोटो वायरल कर की बदनामी, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
नवाबगंज (फर्रुखाबाद): थाना नवाबगंज (Police Station Nawabganj) क्षेत्र के गांव सादिकपुर में एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब तयशुदा शादी (marriage) से कुछ दिन पहले ही वर पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया और लड़की की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। पीड़िता पक्ष ने युवक और उसके परिजनों पर ठगी, बदनामी और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सादिकपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी थाना कायमगंज क्षेत्र के गांव बरझाला निवासी युवक के साथ तय की थी। शादी के बदले वर पक्ष ने 14 लाख 50 हजार रुपये की मांग की थी, जिसमें 5 लाख रुपये रुकाई में और शेष 9 लाख 50 हजार रुपये बाद में लिए गए। शादी की तिथि 2 नवंबर तय की गई थी, जिसका आयोजन एम.के. मैरिज लॉन, पुलिया कायमगंज में होना था। शादी के निमंत्रण कार्ड भी वितरित कर दिए गए थे।
27 अक्टूबर को रिश्ते में आई दरार
बताया जा रहा है कि 27 अक्टूबर की सुबह, युवक, उसके पिता और उसके मामा (निवासी थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव किसरोली) ने युवती और युवक की साथ में खींची गई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इसके बाद उन्होंने युवती के पिता से गालीगलौज की और जानमाल की धमकी देते हुए शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
मामला जब संभ्रांत लोगों की मध्यस्थता में आया तो एक अस्थायी समझौता कराया गया, जिसमें वर पक्ष ने केवल 5 लाख रुपये लौटाए, लेकिन शेष 9 लाख 50 हजार रुपये देने से मना कर दिया। थाना नवाबगंज पहुंची पीड़िता ने पुलिस को बताया कि युवक ने जानबूझकर उसकी फोटो वायरल की ताकि शादी से बचा जा सके और परिजनों के बीच उसकी बदनामी हो। उसने कहा कि अब वर पक्ष उसके परिवार को धमका रहा है और पैसे लौटाने से इनकार कर रहा है।
पीड़िता के पिता ने युवक, उसके पिता और मामा के खिलाफ लिखित तहरीर थाना नवाबगंज पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जिले में चर्चा का विषय बना मामला
यह प्रकरण इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मामला सही पाया गया तो यह दहेज और आर्थिक शोषण से जुड़ा गंभीर अपराध साबित होगा। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


