जीतेंद्र सिंह की सराहनीय पहल
फर्रुखाबाद। शहर के प्रमुख चिकित्सा संस्थान रेडिएन्टो हॉस्पिटल में सृजित सेवा संस्थान द्वारा भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पात्र लाभार्थियों के मोतियाबिंद ऑपरेशन कर आधुनिक तकनीक से लेंस प्रत्यारोपित किए गए, जिससे जरूरतमंद मरीजों को नई रोशनी मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ फ सांसद मुकेश राजपूत ने किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब और वंचित वर्ग के लिए वरदान सिद्ध हो रही है। सरकार की मंशा है कि कोई भी व्यक्ति धन के अभाव में इलाज से वंचित न रहे, और इसी उद्देश्य को लेकर ऐसे शिविरों का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जीतेन्द्र सिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने न केवल इस शिविर के सफल संचालन की जिम्मेदारी संभाली, बल्कि व्यक्तिगत रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी कर यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण और सम्मानजनक उपचार मिले। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सेवा भाव ने यह साबित किया कि उनके लिए राजनीति केवल पद नहीं, बल्कि समाजसेवा का माध्यम है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में उनका यह प्रयास एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
शिविर के दौरान उनकी पत्नी अलका सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल आदि वितरित किए। अतिथियों ने मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि यह निःशुल्क लेंस प्रत्यारोपण शिविर लगातार संचालित किया जा रहा है और पात्र लाभार्थी आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पूरी तरह निःशुल्क उपचार प्राप्त कर सकते हैं। आयोजकों ने क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों से अपील की कि वे इस जनहितकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अन्य जरूरतमंदों को भी इसके बारे में जागरूक करें।






