फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित रात्रि जन जागरण कार्यक्रम शुक्रवार को भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मैदा श्यामपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे आगामी चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म होता नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट एवं युवजनसभा के प्रदेश सचिव प्रवेश कटियार शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता गिरेंद्र सिंह जाटव ने की।
अपने संबोधन में जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि सभी वर्ग एक साथ आते हैं तो वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर गांव की सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पूर्व सपा सरकार की उपलब्धियों और आगामी चुनाव के लिए घोषित योजनाओं को विस्तार से बताया।
युवजनसभा प्रदेश सचिव प्रवेश कटियार ने अपने संबोधन में कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग यदि एकजुट हो जाए तो कोई भी ताकत उन्हें सत्ता में आने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने अन्य दलों को छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें दरियागंज निवासी नन्हे, महमदपुर निवासी मिट्टी लाल, मदापुर निवासी अहलकर सिंह, मैदा श्यामपुर निवासी नरेंद्र सिंह गौतम एवं गिरेंद्र सिंह जाटव शामिल रहे। सभी नवागंतुकों का स्वागत पुष्पेंद्र यादव एडवोकेट ने माला पहनाकर किया।
इस अवसर पर विनोद कुमार वाल्मीकि ने डॉ. अंबेडकर एवं अखिलेश यादव पर आधारित गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में जोश भर दिया। वहीं विशाल राजपूत और स्वदेश यादव ने भी अपने विचार रखते हुए सपा सरकार की नीतियों की सराहना की और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
कार्यक्रम में सचिन कुमार, अमन पाल, रामकिशन, नन्हे मिश्री बाबा, रिंकू, प्रतीक, होरीलाल, लाल, शिवम, राजू, रमेश सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में गीत-संगीत और भक्ति गीतों की भी प्रस्तुति दी गई, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन रजत क्रांतिकारी ने किया।
रात्रि जनजागरण में सपा ने भरी हुंकार, कई नेताओं ने थामा पार्टी का दामन


