राष्ट्रीय जंबूरी से बाजारों में आएगी 100 करोड़ की रौनक, 40 हजार से ज्यादा मेहमानों के स्वागत की तैयारियाँ तेज

0
28

लखनऊ| स्काउट-गाइड की सात दिवसीय राष्ट्रीय जंबूरी के लिए 23 से 29 नवंबर तक राजधानी लखनऊ में देश और विदेश से 40 हजार से अधिक मेहमान पहुंचने वाले हैं। इनमें करीब 30 हजार स्काउट-गाइड कैडेट, लगभग 2000 विदेशी प्रतिभागी, और 5 हजार अधिकारी व स्टाफ शामिल होंगे, जबकि अन्य आगंतुकों की संख्या 10 से 15 हजार तक रहने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले मेहमानों के स्वागत, आवास और सुविधाओं की तैयारियों से शहर के बाजारों में लगभग 100 करोड़ रुपये की आर्थिक समृद्धि आने की उम्मीद है।

वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में विशाल स्तर पर टेंट सिटी बनाई जा रही है, जहाँ प्रतिभागियों और आगंतुकों के ठहरने के लिए 4500 से अधिक टेंट तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन में उपयोग के लिए 1600 शौचालय, 1600 स्नानघर, 35 हजार लोगों की क्षमता वाला एरिना स्टेडियम, 100 बेड का अस्पताल और 15 डिस्पेंसरी भी बनाई जा रही हैं। सिर्फ टेंट सिटी और अन्य निर्माण कार्यों पर ही 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

जंबूरी के दौरान आयोजित होने वाले मेले के लिए डिफेंस एक्सपो मैदान में 100 दुकानों का जंबूरी बाजार भी तैयार हो रहा है। बाजार के संचालक पवन गुप्ता के अनुसार इनमें से 85 दुकानों की बुकिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शेष दुकानों की बुकिंग अगले एक-दो दिनों में पूरी होने की उम्मीद है। मेले में 7000 लोगों की क्षमता वाला फूड कोर्ट होगा। इन स्टॉलों से 500 परिवारों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है, वहीं शहर के होटल व बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।

टेंट कैटरर्स एंड डेकोरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि जंबूरी जैसे बड़े आयोजनों से टेंट, लाइट, फूल, बैरिकेडिंग और दुकान निर्माण से जुड़े दो हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार मिलता है। सहालग के मौसम में ऐसे आयोजन टेंट कारोबार को दोगुनी गति प्रदान करते हैं।

19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से 8000 से अधिक स्काउट-गाइड कैडेट शामिल होंगे, जिनकी उम्र 10 से 25 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। विद्यालयों में प्रतिभागिता सुनिश्चित कराने के लिए सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश भेजे गए हैं।

उद्योग विभाग की ओर से जंबूरी में ओडीओपी उत्पादों, विशेषकर लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी का स्टॉल भी लगाया जा रहा है। उपायुक्त उद्योग मनोज चौरसिया ने बताया कि जनपद के कारीगरों को इस आयोजन से बड़ा मंच मिलेगा। इसके साथ ही प्रदेशभर के ओडीओपी उत्पादों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे।

लगातार दो महीने से तैयारियाँ चल रही हैं और अब आयोजन से ठीक पहले लखनऊ पूरी तरह राष्ट्रीय जंबूरी के स्वागत के लिए सज-धज कर तैयार खड़ा है। शहर के व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन और स्थानीय कारीगरों के लिए यह आयोजन आर्थिक समृद्धि का बड़ा अवसर माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here