संवाददाता लखनऊ:
राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक परिदृश्य में अब एक और गौरवशाली स्थल जुड़ने जा रहा है। आगामी 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्र प्रेरणास्थल का उद्घाटन करेंगे।
यह स्थल देश के महान राष्ट्रनायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और प्रेरणा स्रोत व्यक्तित्वों की याद में बनाया गया है, जहां आगंतुक देशभक्ति, आदर्श और त्याग की भावना को महसूस कर सकेंगे।
कार्यक्रम में वीवीआईपी अतिथियों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष गेस्टहाउस का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है।
जानकारी के अनुसार, LDA के चार वरिष्ठ अधिकारी साइट पर रोज़ाना निरीक्षण कर रहे हैं ताकि निर्माण कार्य, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा इंतज़ामों में कोई कमी न रह जाए।
स्थल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार पटेल, भीमराव अंबेडकर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही यहां एक डिजिटल गैलरी और लाइट शो का भी निर्माण किया जा रहा है, जो युवा पीढ़ी को भारत के गौरवशाली इतिहास से जोड़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस परियोजना की प्रगति पर नजर रख रहे हैं और अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।





