लखनऊ: राजधानी लखनऊ शुक्रवार को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बना, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आगमन हुआ। उनके आगमन पर पूरे प्रोटोकॉल और नवाबी परंपरा के साथ भव्य स्वागत किया गया। स्वागत समारोह की सबसे विशेष और आकर्षक कड़ी रही—लखनऊ की परंपरा अनुसार महापौर सुषमा खर्कवाल द्वारा राष्ट्रपति को ‘नगर की चाबी’ भेंट करना।
यह ‘नगर की चाबी’ लखनऊ की ओर से किसी विशिष्ट अथिति को दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है। इस सम्मान का अर्थ है कि शहर की पहचान, संस्कृति और मेहमाननवाज़ी के द्वार अतिथि के लिए पूरी श्रद्धा के साथ खोल दिए गए हैं।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने चाबी भेंट करते हुए कहा कि राष्ट्रपति का लखनऊ आगमन पूरे शहर के लिए गौरव का अवसर है। उन्होंने बताया कि यह चाबी लखनऊ की गौरवशाली तहजीब और सम्मान की परंपरा का प्रतीक है, जिसे शहर सदियों से निभाता आया है।
सम्मान ग्रहण करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लखनऊवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “लखनऊ की यह परंपरा इसकी सांस्कृतिक समृद्धि और लोगों की आत्मीयता को दर्शाती है। मैं इस सम्मान को हृदय में संजोकर रखूंगी।”
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से राष्ट्रपति का अभिनंदन किया और कहा कि उनके आगमन से प्रदेश की गरिमा और अधिक बढ़ी है।





