फर्रुखाबाद अमृतपुर| कस्बा अमृतपुर मुख्य मार्ग के लगभग 300 मीटर अत्यंत क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक पहल हुई है। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उप्र, कानपुर के उप निदेशक (निर्माण) कार्यालय से जारी पत्रांक संख्या 2668 दिनांक 19 फरवरी 2026 के माध्यम से लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ज्ञात हो कि उक्त मार्ग का यह हिस्सा लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिला पंचायत सदस्य द्वारा इस संबंध में पत्राचार किए जाने के बाद जिलाधिकारी स्तर से भी मामले में संज्ञान लिया गया और समाधान के निर्देश दिए गए।
पत्र में उल्लेख है कि अमृतपुर से मंत्री जी के आवास तक लगभग 300 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूर्व में मंडी परिषद द्वारा कराया गया था। अब उक्त संपर्क मार्ग की मरम्मत/नवीनीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जाने पर मंडी परिषद ने सहमति प्रदान कर दी है। संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में ग्राम प्रधान सचिन देव तिवारी ने बताया कि सड़क की दयनीय स्थिति को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उच्चाधिकारियों से संपर्क, पत्राचार और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से विषय को प्रमुखता से उठाया गया, जिसके बाद यह कार्य संभव हो सका। उन्होंने कहा कि “क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस समस्या से जूझ रही थी। अब उम्मीद है कि शीघ्र ही मरम्मत कार्य शुरू होगा और लोगों को राहत मिलेगी।”
स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासनिक पहल का स्वागत करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here