बलरामपुर
एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जहां दुष्कर्म की शिकार किशोरी ने आरोपित पक्ष की लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्मदाह कर लिया था। गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता का इलाज लंबे समय से चल रहा था, लेकिन घटना के करीब 17 दिन बाद उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने आत्मदाह से पहले एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने अपनी इस स्थिति के लिए आरोपितों और उनके परिवार को जिम्मेदार ठहराया था। वीडियो में किशोरी ने बताया कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुकी थी और उसने यह कदम उठाने का फैसला किया।
घटना के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका उपचार चल रहा था। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और अंततः उसकी मौत हो गई। इस दुखद खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी गम का माहौल है।
मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने 28 मार्च को मुख्य आरोपित अदनान के पिता इस्लाम, उसकी मां, भाई रियाज और कैसर जहां पत्नी धुन्ने के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़िता को पहले ही न्याय मिल जाता तो शायद वह इस तरह का कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं होती।


