फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर (Fatehpur) जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बलात्कार पीड़िता (Rape victim) युवती का शव मिला है, जिसे अदालत में बयान दर्ज कराने जा रही थी। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। उसका शव उसके घर से लगभग एक किलोमीटर दूर एक खेत में मिला। परिवार वालों ने बताया कि वह रविवार की आधी रात के आसपास लापता हो गई थी।
उसकी तलाश के बाद, रिश्तेदारों ने उसे सोमवार तड़के लगभग 2:30 बजे पास के एक खेत में बेहोश पाया। उसके चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान थे। पीड़िता की मां ने पहले स्थानीय व्यक्ति सुनील यादव के खिलाफ बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसने शादी का झूठा वादा करके उनकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया। मामला 26 फरवरी को दर्ज किया गया था।
यह भी बताया गया कि महिला ने 25 फरवरी को ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, लेकिन रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों ने उसे बचा लिया था। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।


