फर्रुखाबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर पूरे जनपद में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर शाम तक जारी रहीं। हर ओर जय श्रीराम के जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शहर के बालपुर स्थित शीतला माता मंदिर, गुड़गांव देवी मंदिर तथा पल्ला मठिया देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया। मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे उनकी भव्यता देखते ही बन रही थी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
रामनवमी के उपलक्ष्य में विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कहीं खिचड़ी, कहीं पूरी-सब्जी तो कहीं हलवा-प्रसाद वितरित किया गया। सेवा में लगे स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ व्यवस्थाओं को संभाला।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भारी भीड़ मंदिरों में देखने को मिली। कई स्थानों पर राम जन्मोत्सव का आयोजन भी किया गया, जिसमें भगवान राम के जन्म का दृश्य प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर कर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई।
रामनवमी पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जगह-जगह हुए भंडारे


